कोरोना के सामान्य होते हालात के बीच कश्मीर में खेल गतिविधियाँ एक बार फिर से जोर पकड़ रही हैं। इस सप्ताह पहली बार महिला वॉलीबॉल टूर्नामेंट श्रीनगर के महिला कॉलेज में आयोजित किया गया। इस टूर्नामेंट में कश्मीर के 12 कॉलेजों की छात्राओं ने भाग लिया। टूर्नामेंट में भाग ले रही छात्राओं ने प्रभासाक्षी संवाददाता से बातचीत में कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियां भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब सब थम गया था तब खेल गतिविधियां भी बंद हो गयी थीं और इससे मानसिक तनाव उत्पन्न हो रहा था। छात्राओं ने कहा कि अब जैसे-जैसे स्थिति में सुधार हो रहा है वैसे-वैसे हम खेलों की ओर एक बार फिर मुड़ रहे हैं। छात्राओं ने कहा कि खेल ही हैं जो मानसिक और शारीरिक रूप से हमें फिट रख सकते हैं।
दूसरी ओर, कश्मीर की सर्दी की बात करें तो श्रीनगर सहित अधिकांश स्थानों पर पिछली रात मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया। अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात से एक डिग्री कम है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। अधिकारियों ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में गुलमर्ग पर्यटन स्थल एकमात्र ऐसा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान में मामूली सुधार हुआ है। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो घाटी में सबसे सर्द स्थान रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर में मुख्यत: शुष्क लेकिन ठंडे मौसम का पूर्वानुमान जताया है।
जम्मू-कश्मीर डीजीपी का बड़ा बयान
उधर, जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान अपने अन्य नापाक मंसूबों के नाकाम होने के बाद जम्मू-कश्मीर के युवाओं को नशे की लत में धकेलने की कोशिश कर रहा है जैसा उसने पंजाब में किया। पुलिस प्रमुख ने अधिकारियों से खुफिया तंत्र को मजबूत करने और सुरक्षाबलों द्वारा तत्काल कार्रवाई के लिए सूचना साझा करने को कहा। उन्होंने कहा कि जम्मू के दो सीमावर्ती जिलों राजौरी और पुंछ में पाकिस्तानी प्राधिकारियों के समर्थन से आतंकवादी घुसपैठ की कोशिशें देखी गयी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कई कोशिशें सीमा पर ही नाकाम कर दी गयीं। डीजीपी ने कहा कि हम सतत निगरानी बनाये हुए हैं।