PHOTO–ARUN KUMAR
REPORT–ROHIT SINGH
ऊषा मौर्या को माला पहनाकर स्वागत करते सपाई।
फतेहपुर(CNF)/ कांग्रेस का दामन छोड़कर साइकिल पर सवार हुयी वरिष्ठ नेत्री ऊषा मौर्या के प्रथम जनपद आगमन पर समाजवादी पार्टी की ओर से भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। पार्टी कार्यालय पर सपाईयों ने गर्मजोशी के बीच ऊषा मौर्या को मालाओं से लाद दिया। तत्पश्चात कई सैकड़ा लोगों ने अन्य दलों को बाय-बाय करते हुए ऊषा मौर्या के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। समारोह को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव ने मिशन 2022 को फतह करने के लिए कार्यकर्ताओं से जुट जाने की अपील की।
बताते चलें कि वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री रहीं ऊषा मौर्या ने विधानसभा चुनाव के ठीक पहले अपनी पार्टी को बाय-बाय करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष पार्टी के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए दामन थाम लिया था। जैसे ही यह खबर स्थानीय सपाईयों को लगी तो उनके बीच खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र में ऊषा मौर्या के सपा में शामिल हो जाने से पार्टी को एक नई जान मिली है। ऊषा मौर्या के स्वागत की तैयारियां सपाईयों द्वारा शुरू कर दी गयी थीं। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार की दोपहर ऊषा मौर्या का काफिला शादीपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचा। जहां सपा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव के नेतृत्व में सपाईयों ने उनका फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। स्वागत से गदगद ऊषा मौर्या ने कहा कि वह सपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत करने का काम करेंगी। मिशन 2022 में पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए वह कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगी। समारोह को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि मिशन 2022 बेहद नजदीक है। पंचायत चुनाव का बिगुल भी बज चुका है इसलिए अब कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए कोई कोर कसर न छोड़ें। तत्पश्चात तमाम लोगों ने दूसरे दलों को बाय-बाय कर ऊषा मौर्या के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी का माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर जिला महासचिव डीडी कुशवाहा, वंदना राकेश शुक्ला, अरूणेश पाण्डेय, रामेश्वर दयाल दयालू गुप्ता, राम बहादुर सिंह यादव, संगीता राज पासी, चैधरी मंजर यार, रीता प्रजापति, चन्द्र प्रकाश लोधी, मो0 आजम खां, जंग बहादुर सिंह मखलू, रवीन्द्र यादव, विवेक उमराव, मो0 साबिर एडवोकेट, फहमीदा खान, नफीसा बानो, जेपी यादव, राजन तिवारी, कपिल यादव, तनवीर हैदर, शोएब खान, नफीस सिद्दीकी सहित तमाम सपाई मौजूद रहे।