प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज कौशांबी जनपद में हैं। यह उनका दो दिवसीय गृह जनपद में भ्रमण है। इस दौरान उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मुंगेरी लाल के हसीन सपने आते हैं। पिछले विधान सभा के चुनाव में जनता ने उनके सपनों को चूर किया था। इस बार भी जीत के सपने देख रहे हैं लेकिन इस बार भी भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। अखिलेख यादव की 25 वर्ष तक सरकार नहीं बनेगी।
बुधवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सिराथू क्षेत्र में सयारा स्थित मां शीतला अतिथि गृह में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत की। बोले कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने देश के विकास व गरीबों के हित में कार्य कर रही है। नौजवानों, किसानों, बेटियों, महिलाओं व गरीबों के हित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसका लाभ जनता को मिल रहा है।
सपा और कांग्रेस पर केशव ने तंज कसा
केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा की ओर से जन हित में किए जा रहे कार्य को विपक्षियों ने अलग ठहराया है, लेकिन जनता सब जान रही है कि सपा व कांग्रेस के मन में क्या है। बोले कि मंडल व बूथ स्तर के कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंच कर भाजपा की उपलब्धियों को बताएं। इस बार के चुनाव में भी 300 सीट हासिल कर पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनाएंगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में संपन्न हुए चुनाव में अखिलेश की साइकिल को जनता ने पंक्चर ही नहीं किया बल्कि खंड-खंड कर दिया था। इसके बाद भी वह मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। कहा कि सपना देखना खराब बात नहीं है, लेकिन जब रिजल्ट आएगा तो कहेंगे ईवीएम में गड़बड़ी कर दी गई, इसलिए सपा हार गई।
बोले- भगवान राहुल को सद्बुद्धि दे
राहुल गांधी द्वारा लखीमपुर कांड पर मंत्री को बचाने के आरोप पर डिप्टी सीएम ने कहा कि भगवान राहुल को सद्बुद्धि दे, पहले जहां उनकी सरकार है, उसे बचाएं। डिप्टी सीएम ने 25 दिसंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम के बारे में चर्चा की।