प्रयागराज :गंगा और यमुना नदियों में डाल्फिन की बढ़ती संख्या की जानकारी जुटाने के लिए सर्वे शुरू हो गया है। सर्वे भारतीय वन्य जीव संस्थान की ओर से किया जा रहा है। संगम नगरी यानी प्रयागराज में भारतीय वन्य जीव सस्थान की ओर से सर्वे लगभग 10 दिनों तक चलेगा। सर्वे के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि प्रयागराज में डाल्फिन की कुल कितनी संख्या है। इसके अलावा नर, मादा व डाल्फिन के बच्चों की संख्या कितनी है, इसका भी आंकड़ा जुटाया जाएगा।
भारतीय वन्य जीव संस्थान की ओर से गंगा-यमुना के क्षेत्र में सर्वे शुरू हो गया है। संगम से लगभग 25 किलोमीटर के दायरे में डाल्फिन की बढ़ती संख्या का आंकड़ा जुटाया जाएगा। वन विभाग के प्रभागीय निदेशक रमेश चंद्र ने बताया कि सर्वे करने वाली टीम सिरसा तक सर्वे कर चुकी है। डाल्फिन की सही गणन जुटाने के लिए हाइड्रोमीटर का उपयोग किया जा रहा है।
संगम नगरी में डाल्फिन की संख्या में पिछले चार वर्षों की तुलना में दो गुना से अधिक हो गई है। डीएफओ ने बताया कि 2017 में लगभग 34 थी। इस समय गंगा की बढ़ती निर्मलता के कारण संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। संख्या 80 के पास हो सकती है लेकिन सही जानकारी सर्वे की टीम ही बताएगी। इसे ध्यान में रखते हुए सर्वे शुरू कर दिया गया है। यह सर्वे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डाल्फिन की सुरक्षा के साथ ही संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।