लखनऊ। कृषि कानून का विरोध कर रही कांग्रेस पर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को जमकर निशाना साधा है। स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट करके कहा, ‘पहले गांधी परिवार के चार सदस्यों के स्विस बैंक खातों में कृषि कल्याण का पैसा जाता था। आज देश के 11 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में ‘किसान सम्मान निधि’ के तहत सीधा पैसा जा रहा है। कांग्रेस को परेशानी बस इसी बात की है।
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानून के खिलाफ किसान पिछले करीब तीन महीने से दिल्ली की सीमाओं पर डटे हैं। किसान संगठन इन कानूनों को रद्द करने की मांग पर अड़े हैं। किसानों के समर्थन में कई राजनीतिक दल और विपक्ष के नेता केंद्र की भाजपा सरकार पर हमलावर हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार भाजपा को इस मुद्दे पर घेर रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा सहारनपुर में आयोजित की गई महापंचायत में शामिल हुई थीं। यहां मंच से उन्होंने कृषि कानूनों को लेकर भाजपा पर हमला बोला था।
प्रियंका ने गुरुवार को ट्वीट किया, ‘कृषि संबंधी तीन काले कृषि कानूनों की असलियत यही है कि किसानों के हित की उपेक्षा करते हुए भाजपा ने इन्हें खरबपति मित्रों के फायदे के लिए बनाया है। सहारनपुर किसान पंचायत में किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई में साथ है और इन कानूनों को कभी लागू नहीं करेगी।’ कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए यूपी बीजेपी चीफ स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पहले गांधी परिवार के चार सदस्यों के स्विस बैंक खातों में कृषि कल्याण का पैसा जाता था। आज देश के 11 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में ‘किसान सम्मान निधि’ के तहत सीधा पैसा जा रहा है। कांग्रेस को परेशानी बस इसी बात की है।